पाकिस्तान के सियालकोट में दिल दहलाने वाली वारदात, मजदूरों ने फैक्ट्री मैनेजर को सड़क पर जिंदा जलाया

पाकिस्तान के सियालकोट में शुक्रवार को एक फैक्ट्री के मजदूरों ने अपने मैनेजर को बीच सड़क पर जिंदा जला दिया। मैनेजर श्रीलंकाई नागरिक था। सियालकोट के पुलिस ऑफिसर उमर सईद मलिक ने बताया कि मारे गए व्यक्ति का नाम प्रियांथा कुमारा है। वो श्रीलंकाई नागरिक था। सभी मजदूर पाकिस्तान के ही रहने वाले हैं। ‘द डॉन न्यूज’ के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर की है। घटना की वजह का अब तक खुलसा नहीं हुआ है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। प्रियांथा ने हाल ही में बतौर एक्सपोर्ट मैनेजर सियालकोट की यह फैक्ट्री जॉइन की थी।

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक शख्स को पहले पीटते हैं, बाद में उसे जला देते हैं। इस दौरान नारेबाजी भी सुनाई देती है। घटना के बाद पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने कहा, 'यह दिल दहला देने वाली घटना है। मैंने इसकी रिपोर्ट तलब की है। मामले की हाई लेवल जांच कराई जाएगी। जो लोग भी इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राज्य के आला अफसर जांच करेंगे।'