कोटा। हाड़ौती संभाग में पर्यटन बढ़ाने के लिए जद्दोजहद की जा रही है। इसी के तहत कोटा के एक बस ऑपरेटर ने ओपन बस तैयार करवाई है। यह 39 सीटों की डबल डेकर ओपन बस है, जिसमें नीचे 20 और ऊपर 19 यात्री बैठ सकेंगे। इस बस को परिवहन विभाग से शहर में पर्यटन के लिए चलाने की अनुमति मांगी गई है। यह अनुमति मिलने के बाद फरवरी से यह बस सड़क पर उतर जाएगी।
बस ऑपरेटर सत्यनारायण साहू का कहना है कि मंगलवार को कोटा दर्शन के रूट को तय करने के लिए परिवहन विभाग, जिला प्रशासन, कोटा इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड व कोटा डेवलपमेंट अथॉरिटी के साथ अन्य विभागों के अधिकारी जायजा लेंगे। इसके बाद रूट तय कर दिया जाएगा। यह अधिकारी बस का उद्घाटन भी करेंगे। शुरुआती पर्यटन स्थल चिन्हित किए हैं। इसके बाद अगर अधिकारी इसमें बदलाव करवाएंगे तो वह भी किया जाएगा। यह बस जयपुर के टूरिस्ट टूर ऑपरेटर के जरिए कोटा में मंगवाई गई है।
2 दिन का बनाया जा रहा है रूट सत्यनारायण साहू ने यह भी बताया कि वह 2 दिन का रूट इसमें बनाने जा रहे हैं, जिसमें प्रत्येक दिन के 500 रुपए लिए जाएंगे। वहीं, दोनों दिन का टिकट लेने पर 100 रुपए की रियायत मिलेगी। यह टिकट 900 रुपए का पड़ेगा। दोनों दिन के टूर की शुरुआत सुबह 9:30 बजे से होगी। जिस तरह से बड़े शहरों में सिटी दर्शन की व्यवस्था की जाती है। वैसे ही यह व्यवस्था कोटा में की जा रही है। इसमें वे दर्शनीय स्थल तय किए हैं, जहां पर वर्तमान में पर्यटक जाना पसंद करते हैं।
कोटा के इन दर्शनीय स्थानों को दिखाएगीपर्यटन और शहर को दर्शन करने के लिए डबल डेकर बस चलेगी। पहले दिन यह बस गणेश उद्यान में घटोत्कच सर्किल, सिटी पार्क ऑक्सीजोन, शिवपुरी धाम, सेवन वंडर, सीवी गार्डन किशोर सागर तालाब का नौका विहार की सैर कराएगी। इसमें रिवर फ्रंट, रिवर फ्रंट ईस्ट साइड शामिल हैं। वहीं, दूसरे दिन यात्रा त्रिकुटा मंदिर से शुरू होगी, जिसमें नांता अभेड़ा महल, अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क, रिवरफ्रंट वेस्ट साइड दिखाया जाएगा। यह पर्यटन के हिसाब से तैयार करवाई गई बस 2 दिन में करीब भी 40 किलोमीटर के आसपास घूमेगी।
किराए में टूरिस्ट पैलेस की एंट्री फीस भी शामिलबस ऑपरेटर सत्यनारायण साहू का कहना है कि दोनों दिन के लिए जाने वाले किराए में दिखाए जाने वाले टूरिस्ट पैलेस की एंट्री फीस भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सिटी पार्क, रिवरफ्रंट ईस्ट व वेस्ट, त्रिकुटा, अभेड़ा महल, अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में एंट्री फीस प्रति टूरिस्ट लगती है। यह करीब 500 रुपए के आसपास हो रही है। ऐसे टूरिस्ट से केवल किराया हमें 400 रुपए ही मिलना है। टूरिस्ट को यह सुविधा मिलेगी कि उसे सीधा टूरिस्ट पैलेस पर जाना होगा और हर टूरिस्ट पैलेस का अलग-अलग समय हम निश्चित कर देंगे। जिसके अनुसार ही उसे वापस आना होगा। कोटा को पर्यटन बढ़ाने में भी यह बस काफी मददगार रह सकती है क्योंकि फिलहाल इस तरह की सुविधा कोटा में उपलब्ध नहीं है।