टला बड़ा हादसा! 5000 फीट की ऊंचाई पर स्पाइसजेट के विमान में भर गया धुआं, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग; 70 यात्री थे सवार

स्पाइसजेट के विमान की शनिवार सुबह दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट के केबिन में धुआं भर गया था। इस फ्लाइट ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 6:15 पर उड़ान भरी थी। कुछ मिनिट बाद विमान में चिंगारी उठी और प्लेन के भीतर धुआं भर गया। धुआं भरते ही यात्रियों का दम घुटने लगा। एसी बंद हो जाने से यात्री परेशान हो गए। जब विमान में धुआं दिखा तब प्लेन करीब 5000 फीट की ऊंचाई पर था। फ्लाइट की वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसमें 60-70 यात्री थे। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

एक यात्री ने बताया कि टेकऑफ के करीब 15 मिनिट बाद ही प्लेन में चिंगारी निकली और धुआं भर गया। सांस लेने में परेशानी हुई तो यात्री मैगजीन और कपड़े धुआं उड़ाते रहे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों से 10:00 बजे तक दूसरे फ्लाइट से जबलपुर भेजने का कहा था। दूसरी फ्लाइट 10:30 बजे दिल्ली से जबलपुर के लिए टेकऑफ हुई।

इस घटना के बाद स्पाइसजेट की तरफ से बयान जारी किया गया। उसमें इमरजेंसी लैंडिंग और मुसाफिर के सुरक्षित होने की बात तो कही गई, लेकिन हादसे की वजह नहीं बताई गई है। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जांच की बात कही है।