Twitter में आज से छंटनी शुरू, कर्मचारियों से कहा- मेल आते ही समझ जाना!

ट्विटर कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो गई है। कर्मचारियों को मेल करके इसकी जानकारी दी जाएगी। इस बात का खुलासा कंपनी के एक आंतरिक मेल हुआ है। दरअसल, एलन मस्क (Elon Musk) ने जो ऑपरेशन क्लीन शुरू किया है उसके तहत 3000 से ज्यादा या करीब आधे ट्विटर इंक के कर्मियों को बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं। Twitter Inc. में लगभग 3,700 नौकरियों में कटौती करने का प्लान तैयार किया है।

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक जिन कर्मचारियों को निकालने की तैयारी है, उन्हें बारी-बारी से मेल के जरिये जानकारी दी जाएगी। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कंपनी अस्थाई रूप से अपने कार्यालयों को बंद कर देगी और कर्मचारियों की एंट्री कुछ समय के लिए रोक दी जाएगी। ताकि किसी तरह का हंगामा न हो। कर्मचारियों को उनकी स्थिति के बारे में आज सुबह से ही मेल के जरिये जानकारी मिलनी शुरू हो जाएगी।

यही नहीं, बड़े पैमाने पर छंटनी के कारण, ट्विटर अस्थाई रूप से ऑफिस को बंद कर देगा और कर्मचारियों के पास मौजूद सभी बैज एक्सेस को रद्द कर देगा। कंपनी कहना है कि इससे कर्मचारी के साथ-साथ ट्विटर सिस्टम और ग्राहकों के डेटा को सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने के लिए 44 बिलियन डॉलर की डील की है।

दरअसल, 28 अक्टूबर 2022 को ट्विटर की कमान संभालने के बाद से ही एलन मस्क एक के बाद एक बड़े फैसले लेते जा रहे हैं। हाल ही में एक रिपोर्ट में बताया गया था कि उन्होंने सभी बोर्ड डायरेक्टर्स की भी छुट्टी कर दी है और Twitter के मस्क इकलौते डायरेक्टर बन गए हैं। जिन डायरेक्टर्स को हटाया गया है, उनमें मार्था लेन फॉक्स, ओमिड कोर्डेस्टानी, डेविड रोसेनब्लैट, पैट्रिक पिचेट, एगॉन डरबन, फी-फी ली और मिमी अलेमायेहौ शामिल हैं। इससे पहले एलन ने Twitter के सीईओ पराग अग्रवाल (Parag Agarwal), सीएफओ नेड सेगल, और कंपनी की लीगल पॉलिसी, ट्रस्ट और सेफ्टी विभाग की हेड रहीं विजया गड्डे को बाहर कर दिया था।

एलन मस्क ने अधिकारियों का पत्ता साफ करने के साथ ही कई भारतीय अकाउंट्स पर भी ताबड़तोड़ एक्शन लिया है। कंपनी ने लगभग 50 हजार ट्विटर भारतीय अकाउंट्स को सस्पेंड किया है। इसके अलावा Elon Musk के आने बाद ट्विटर ने 1982 अकाउंट्स को आतंकवाद फैलाने के आरोप में बैन कर दिया।