हरियाणा : 15 नवंबर को 24 घंटे के लिए बंद रहेंगे प्रदेशभर के पेट्रोल पंप, केवल इमरजेंसी में मिलेगा

अंबाला पेट्रोलियम वेलफेयर डीलर्स एसोसिएशन प्रधान रविंद्र ढिल्लो ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा में 15 नवंबर को 24 घंटे के लिए प्रदेशभर के पेट्रोल पंप हड़ताल पर रहेंगे क्योंकि उनकी मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा हैं। जिसमें पेट्रोल, डीजल पर लगने वाले वैट को घटाकर पंजाब राज्य के घटे हुए वैट के बराबर कर दिया जाए। 2007 से जो डीलर कमिशन ही नहीं बढ़ाई गई है, उसमें बढ़ोतरी की जाए। नकली डीजल पर भी पूरी तरह से रोक लगाई जाए।

हरियाणावासी 15 नवंबर को अपना वाहन लेकर घर से निकलें तो सावधान रहें। पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा, क्योंकि उस दिन 24 घंटे के लिए प्रदेशभर के पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। प्रदेश के पंप संचालकों ने 24 घंटे की हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। अगर यह हड़ताल होती है तो 15 नवंबर सुबह 6 बजे से 16 नवंबर सुबह 6 बजे तक पंप पूरी तरह से बंद रहेंगे। न पेट्रोल मिलेगा, न ही डीजल। लेकिन इमरजेंसी होने पर मिलेगा। फिर भी समय रहते ऑयल की व्यवस्था कर लें।

उधर, 15 नवंबर को हड़ताल के लिए पंप संचालकों ने एक दिन उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पेट्रोल व डीजल के टैंकर की भारत पैट्रोलियम में एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं, ताकि बंद से पहले लोगों को तेल उपलब्ध कराया जा सके।