नोएडाः प्रदूषण के चलते कल से 8वीं तक के स्कूल रहेंगे बंद, ऑनलाइन क्लास चलाने का आदेश

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों प्रदूषण बहुत खराब स्थिति में पहुंच चुका है। गुरुवार सुबह नोएडा में AQI- 469 रहा। दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में प्रदूषण का रियल टाइम AQI 500 के पार भी पहुंच गया था। DIU की डेटा के मुताबिक सुबह 8 बजे दिल्ली में 429, नोएडा में 383 और गुरुग्राम 399 AQI दर्ज किया गया था। जिसके मद्देनजर ग्रैप की स्टेज 4 लागू कर दी गई है। गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों और बच्चों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है।
इस बीच गौतमबुद्ध नगर में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में 8 नवंबर तक ऑनलाइन क्लास चलाने के आदेश जारी हुए हैं। वहीं जरूरत होने पर 9वीं से 12वीं तक की क्लास भी ऑनलाइन चलाई जा सकती हैं। इसके साथ ही प्रशासन ने अगले आदेश तक स्कूलों में सभी आउटडोर एक्टीविटी पर भी रोक लगा दी है।