देहरादून में सामने आया डबल मर्डर का मामला, कोठी से मिला महिला और नौकर का शव

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज डबल मर्डर का मामला सामने आया हैं जिससे इलाके में सनसनी मच गई। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का हैं जहां एक घर से महिला और नौकर का शव बरामद हुआ हैं। प्रेमनगर के धौलास इलाके से यह दोनों शव बरामद किए गए हैं। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी और एसपी सिटी सरिता डोभाल घटना स्थल पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से वार किया गया है।

धौलास में एक कोठी के आंगन में दोनों शव पड़े मिले। जिसमें से मृतक महिला की पहचान उन्नति शर्मा (60 साल) पत्नी सुभाष शर्मा के नाम से हुई है। और दूसरा मृतक राजकुमार थापा (50 साल) उन्नति और सुभाष शर्मा का नौकर बताया जा रहा है। सुभाष शर्मा एनआरआई बताए जा रहे हैं। वह पिछले 10 सालों से इस कोठी में रह रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह सुभाष शर्मा ने कोठी में दूध पहुंचाने वाली महिला को बताया था कि उन्नति और राजकुमार नहीं मिल रहे हैं। इस पर महिला की खोजबीन की गई तो कहीं पता नहीं चला। सूचना पर अन्य महिलाएं भी पहुंचीं। जिनमें से एक महिला ने देखा कि पॉलिथीन के ढका हुआ शव आंगन में पड़ा था। इस पर महिला ने पुलिस को सूचना दी।