डोटासरा ने कहा मुख्यमंत्री का पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करना साबित होगा मील का पत्थर, चुनावी मेनिफेस्टो में करेंगे शामिल

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा दो दिन के दौरे पर सीकर आए है। पुरानी पेंशन योजना लागू करने पर कर्मचारियों ने आज डोटासरा को साफा पहनाकर सम्मानित किया। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री का पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करना मील का पत्थर साबित होगा। कांग्रेस अपने हर राज्य में पुरानी पेंशन योजना लागू करेगी। आने वाले दिनों में राज्यों और केंद्र में होने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी अपने मेनिफेस्टो में भी इस योजना को रखेगी।

डोटासरा ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी जब प्रधानमंत्री थे। तब एनडीए सरकार ने एक योजना लागू की थी। जिसमें सरकारी कर्मचारियों को पेंशन नहीं मिले। अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने बजट में पुरानी पेंशन योजना लागू करने की घोषणा की है। ऐसे में आठ लाख कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ रही है।

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में पुरानी पेंशन योजना लागू होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में इसे लागू करने की बात कही है। डोटासरा ने कहा कि मैं खुद एआईसीसी दिल्ली जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आया हूं। कांग्रेस शासित राज्यों में पुरानी पेंशन योजना को लागू करें। डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह फैसला मील का पत्थर साबित होगा। दूसरी ओर केंद्र सरकार कर्मचारियों के हितों की बात पर ध्यान नहीं दे रही है। किसानों के हित में कुछ नहीं कर रही है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं दे रही है। उसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी गांव-गांव,ढाणी-ढाणी में जाकर जन जागरण अभियान चलाएगी।