राष्ट्रपति बाइडन के लिए ट्रंप ने लिखी चिट्ठी, खत में क्या लिखा, कोई बताने को तैयार नहीं

राष्ट्रपति बाइडन शपथ लेने के साथ ही पदभार संभाल चुके हैं और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस को अलविदा कह चुके हैं। विदाई लेते वक्त ट्रंप ने नए राष्ट्रपति जो बाइडन के नाम एक चिट्ठी छोड़ी। हालांकि इसमें क्या लिखा है, यह साफ नहीं हो पाया। इसकी वजह यह है कि न तो खुद बाइडन इसकी जानकारी दे रहे हैं और न व्हाइट हाउस इस खत के बारे में बताने तैयार है।

आधुनिक अमेरिकी इतिहास में अब यह परंपरा जैसी हो गई है। पूर्व राष्ट्रपति नए राष्ट्रपति के नाम ओवल ऑफिस की डेस्क पर लेटर छोड़कर जाते हैं। जॉर्ज बुश ने बिल क्लिंटन के नाम जो लेटर छोड़ा था, उसे क्लिंटन की पत्नी हिलेरी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। यह काफी लोकप्रिय हुआ था।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का लेटर ज्यादा लंबा नहीं है। जब इस बारे में बाइडन से पूछा गया तो उन्होंने कहा- हां, ट्रंप मेरे लिए एक खत छोड़कर गए हैं। इसमें उदारता वाली बातें हैं। यह व्यक्तिगत पत्र है लिहाजा, इसमें क्या लिखा है, यह जानकारी मीडिया को नहीं दे सकता। व्हाइट हाउस ने भी पत्र मिलने की पुष्टि की है। पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने भी नई उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम एक खत छोड़ा है। इसकी पुष्टि भी व्हाइट हाउस ने की है।