कोरोना की चपेट में आए डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम, मेदांता अस्पताल में भर्ती

डेरा सच्चा प्रमुख गुरमीत राम रहीम (53) कोरोना की चपेट में आ गए है। इसके बाद राम रहीम को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राम रहीम को मेदांता के 9वी मंजिल पर 4643 रूम में रखा गया है। राम रहीम के संक्रमित होने की खबर सुनते ही उसकी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत सुबह 8।30 बजे उससे मिलने मेदांता अस्पताल पहुंची। मेदांता प्रबंधन के मुताबिक राम रहीम को रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अस्पताल लाया गया। वहां वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में उसकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई। इसके बाद कोरोना जांच हुई, जिसमें वह संक्रमित पाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक हार्ट और पेट की जांच रिपोर्ट आने के बाद उसका उपचार किया जाएगा। राम रहीम लंबे समय से ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से पीड़ित है।

हनीप्रीत ने अपना राम रहीम के अटेंडेंट के रूप में कार्ड बनवाया है। हनीप्रीत रोजाना राम रहीम से मिलने उसके कमरे में जा सकती है। 15 जून तक के लिए हनीप्रीत को राम रहीम की देखभाल के लिए अटेंडेंट का कार्ड दिया गया है। सूत्रों की मानें तो राम रहीम दवाई लेने और टेस्ट करवाने में भी आनाकानी कर रहा है।

राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में रेप और हत्या के आरोप में 20 साल की सजा काट रहा है। इससे पहले राम रहीम ने 3 जून को पेट दर्द की शिकायत की थी। रोहतक में पीजीआई अस्पताल में बृहस्पतिवार को मेडिकल चेकअप हुआ। इस दौरान राम रहीम ने पीजीआई में कोविड टेस्ट कराने से मना कर दिया था।