श्रद्धा मर्डर केस : हत्या के बाद आफताब के फ्लैट पर आने वाली लड़की की हुई पहचान, दिल्ली पुलिस कर रही पूछताछ

दिल्ली पुलिस श्रद्धा मर्डर केस जहां एक तरफ आरोपी आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट कर रही है वहीं, दूसरी तरफ उनके हाथ एक अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने उस लड़की की पहचान कर ली है, जिसे श्रद्धा के मर्डर के बाद आफताब अपने महरौली वाले फ्लैट पर लेकर आया था। दिल्ली पुलिस ने उस लड़की से भी पूछताछ कर ली है। आफताब उस लड़की से श्रद्धा के मर्डर के बाद डेटिंग एप बम्बल के जरिए मिला था। मोबाइल एप के जरिए संपर्क में आई उस लड़की को भी उसने अपने महरौली स्थित फ्लैट पर बुलाया था। ये लड़की जब फ्लैट पर आई थी तो आफताब श्रद्धा के शव के टुकड़े करके फ्रिज में रखे हुए था। पुलिस ने उस लड़की की पहचान कर उससे पूछताछ भी कर ली है। श्रद्धा के मर्डर के बाद फ्लैट पर आई ये लड़की पेशे से साइकॉलोजिस्ट है।

आफताब ने 18 मई को की थी श्रद्धा की हत्या

मुंबई की श्रद्धा वॉल्कर आफताब के साथ दिल्ली के महरौली में एक फ्लैट में लिव इन में रह रही थी। आरोप है कि आफताब ने 18 मई को श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी थी। आफताब के मुताबिक, श्रद्धा उस पर शादी को लेकर दबाव डाल रही थी। आफताब ने इसके बाद श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े किए। जिनको उसने काफी समय तक फ्रिज में रखा था। वह रोज रात में शव के टुकड़े को महरौली स्थित जंगल में फेंकने जाता था। उसने ऐसा करीब 20 दिन तक किया।