
दिल्लीवासियों के लिए मौसम विभाग ने शनिवार को येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 25 और 26 मई को राजधानी में बादल छाए रहेंगे, जबकि 27 और 28 मई को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 29 मई को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस पूरे दौर में दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों ने नागरिकों को सलाह दी है कि येलो अलर्ट के चलते केवल आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। येलो अलर्ट का अर्थ है कि मौसम परिस्थितियां सामान्य से असामान्य हो सकती हैं, और इस दौरान तेज आंधी, बारिश या गरज-चमक होने की आशंका रहती है। ऐसे में बाहर निकलते समय छाता, रेनकोट या अन्य सुरक्षा साधनों के साथ सावधानी बरतनी चाहिए।
आया नगर में दर्ज हुआ राजधानी का सबसे अधिक तापमानमौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार 23 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आर्द्रता का स्तर 50 से 69 प्रतिशत के बीच रहा। विभिन्न मौसम केंद्रों की रिपोर्ट के अनुसार, पालम में 36.2 डिग्री सेल्सियस, रिज में 37.2 डिग्री सेल्सियस और आया नगर में सर्वाधिक 37.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वायु गुणवत्ता में सुधार, AQI ‘मध्यम’ श्रेणी मेंकेंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, गुरुवार शाम 4 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 129 रहा, जिसे 'मध्यम' श्रेणी में रखा गया है। AQI श्रेणियों के अनुसार, 0-50 'अच्छा', 51-100 'संतोषजनक', 101-200 'मध्यम', 201-300 'खराब', 301-400 'बहुत खराब' और 401-500 'गंभीर' माना जाता है।