दिल्ली में 860 करोड़ की हेरोइन के साथ दंपति गिरफ्तार

देश की राजधानी दिल्ली में नशे के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस ने अफगानिस्तान के एक दंपति को गिरफ्तार कर उनके पास से 125 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। जब्त की गई हेरोइन की कीमत 860 करोड़ रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान 48 वर्षीय मोहम्मद शफी और 36 साल की तरीना के रूप में हुई है। यह दोनों अफगानिस्तान के कंधार के निवासी हैं।

अधिकारियों ने कहा कि बरामद की गई 125 किलो हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 860 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) उर्जिवा गोयल ने कहा कि पुलिस को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि दो लोग कार में हेरोइन लेकर वजीराबाद से ख्याला की ओर जाएंगे। इसके बाद जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ लिया गया।

पुलिस ने कहा कि हेरोइन प्लास्टिक के सात थैलों में रखी हुई थी। उन्होंने कहा कि आरोपी मोहम्मद शफी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वो हेरोइन वजीराबाद से ख्याला ले जा रहा था, जिसके बाद उसे पंजाब भेजा जाता।

(भाषा से इनपुट)