दिल्लीः पुलिस ने दबोचा कबूतर चोर को, बरामद किए 25 कबूतर

दिल्ली के जमिया नगर थाने की पुलिस ने एक ऐसे चोर को रंगे हांथ गिरफ्तार किया है जो कबूतरों की चोरी करता था। चोर के पास से 25 कबूतर बरामद भी किए हैं। चोर का नाम शकील है। शकील बाटला हाउस इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शकील को गिरफ्तार कर लिया। 26 साल के शकील ने पूछताछ में बताया कि जल्दी पैसे कमाने के चक्कर मे इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

साउथ ईस्ट जिले के डीसीपी आर.पी मीना के मुताबिक 30 नवंबर को जामिया नगर थाने की पुलिस को शहजाद नाम के शख्स ने एक पीसीआर कॉल की थी और कहा था कि उसने एक चोर को पकड़ा है। इस कॉल पर दिल्ली पुलिस की टीम को भेजा गया। शहजाद ने पुलिस के सामने शकील नाम के शख्स को पेश किया।

शहजाद ने पुलिस को बताया कि उसने अपने घर की छत पर 150 कबूतर पाले हुए हैं। कुछ दिनों से शहजाद नोटिस कर रहा था कि कोई अज्ञात शख्स उसके कबूतर चोरी कर रहा है। शहजाद ने कबूतरों की निगरानी शुरू कर दी और जैसे ही शकील नाम का चोर 25 कबूतरों को चोरी करके भागने की कोशिश कर रहा था शहजाद ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।