दिल्ली : सुंदर नगरी में चाकू से गोदकर शख्स की हत्‍या, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

नार्थ ईस्ट दिल्ली के सुन्दर नगरी इलाके में एक शख्स की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपियों के नाम आलम, बिलाल और फैजान हैं। जिनको गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी आरोपी सुंदर नगरी के रहने वाले हैं। मृतक की पहचान मनीष पुत्र धर्मपाल निवासी सुंदर नगरी के रूप में हुई है। ये वारदात भी सुंदर नगरी इलाके की है। पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम करीब 7:40 बजे एक पीसीआर कॉल आई कि एक लड़के को 2-3 लड़कों ने चाकू मार दिया है। घायल लड़के को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है मामले की आगे की जांच जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार तीन लड़के आलम, बिलाल और फैजान इस मर्डर के मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आए हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। अब तक जो बातें सामने आईं हैं उनसे संकेत मिलता है कि हत्या का मकसद पुरानी रंजिश लग रही है।

इस वारदात के वक्त का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें तीन लड़के मनीष से बातचीत कर रहे हैं और उसके बाद अचानक हमलावर हो जाते हैं। तीनों लड़के मनीष को ताबड़तोड़ चाकू मारकर फरार हो जाते हैं। युवक की हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने इसके विरोध में प्रदर्शन भी किया।