आगरा में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, रात भर शव को रौंदती रहीं गाड़ियां, सड़क खून से हो गई लाल

उत्तर प्रदेश के आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कोहरे के कारण हाईवे पर युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके बाद काफी समय तक युवक के शव को वाहन रौंदते रहे।इसके कारण शव कई हिस्सों में बंट गया और शरीर के टुकड़े फैल गए और सड़क खून से लाल हो गई। दिल्ली-कानपुर हाईवे पर कीठम के पास यह सड़क हादसा घने कोहरे के बीच हुआ। सोमवार सुबह लोगों ने इंसानी शरीर के टुकड़े देखे, तो पुलिस को तुरंत इस बात की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्रित किया और पोस्टमार्टम कराया है।बताया जा रहा है कि मृतक युवक मध्य प्रदेश का रहनेवाला है।

सिकंदरा पुलिस ने बताया कि हमेंदिल्ली कानपुर हाईवे पर किसी युवक के शव के टुकड़े मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो एक युवक की लाश के कई टुकड़ों में बंटी हुई हाईवे पर काफी दूर तक फैली हुई थी। पुलिस ने आगे बताया कि हमने बड़ी की मशक्कत के बाद शव के टुकड़ों, हड्डियों को एकत्रित किया। मृतक युवक के कपड़ों की तलाशी लेने पर एक आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड गौरव नाम के युवक का है और वह मध्य प्रदेश के भिंड जिले का रहने वाला है।

पुलिस ने आगे कहा कि कोहरे के कारण ही गौरव का एक्सीडेंट हुआ होगा। फिर पीछे आ रहे वाहन उसके शव को रौंदते हुए निकलते रहे होंगे। क्योंकि कोहरे के कारण वाहन चालकों को गौरव का शव नजर नहीं आया होगा। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसके परिजानों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।