Delhi Hit & Run: तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे एक शख्स को कुचला, देखें दिल दहला देने वाला वीडियो

राजधानी नई दिल्ली के जनपथ इलाके में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। घटना का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे चल रहे शख्स को कुचल दिया। गंभीर घायल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह पूरी घटना सेंट्रल दिल्‍ली एरिया के CCTV फुटेज में कैद हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी वाहन चालक को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी हैं। यह घटना बुधवार सुबह 8 बजे के आसपास की है।

बताया गया कि राज मिस्त्री गिरधारी (39) राजधानी के पॉश इलाके में सड़क पार कर किनारे जा रहे थे, इसी दौरान अचानक अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार ने उनको अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक ने गाड़ी को न रोकते हुए उसे और तेज गति से दौड़ा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि कार से कुचला गया शख्स गंभीर रूप से घायल पड़ा हुआ है। आनन-फानन में उसे आरएमएल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत जांच में यह एक सड़क दुर्घटना प्रतीत होती है। इस मामले में IPC की धारा 279 और 304 ए के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस कार ड्राइवर की तलाश कर रही है।