दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। 30 मई को राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या 18 हजार 549 थी, जो 13 जून को 38 हजार 958 पर पहुंच गई। यहां अब तक 14 हजार 945 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 22 हजार 742 का इलाज चल रहा है। 1271 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां हर दिन पांच-साढ़े पांच हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। दिल्ली में बढ़ते कोरोना मरीजों को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने अगले एक हफ्तें के भीतर 20 हजार नए कोरोना बेड तैयार करने के आदेश दिए हैं। सरकार ने बेडों की व्यवस्था के लिए होटल, बैंकेट हॉल और नर्सिंग होम का अधिग्रहण करने का फैसला किया है। दिल्ली के छोटे-बड़े होटलों में 4 हजार, 80 बैंकेट हॉल में 11 हजार और 5,000 बेड नर्सिंग होम्स में तैयार किए जाएंगे।
केजरीवाल सरकार ने अगले सप्ताह तक 20 हजार अतिरिक्त बेड की व्यवस्था करने की योजना तैयार की है। होटल में तैयार किए गए बेड को प्राइवेट अस्पतालों के साथ अटैच किया जाएगा। बैंकेट हॉल में तैयार किए गए बेड नर्सिंग होम्स के साथ अटैच किए जाएंगे। इसके अलावा 10 से 49 बेड वाले नर्सिंग होम्स को कोविड बेड बनाया जा रहा है, जिनमें करीब 5 हजार बेड बनाए जाएंगे। सभी जिलों के जिलाधिकारियों को अगले कुछ दिनों के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। केजरीवाल सरकार ने इन होटलों और बैंकेट हॉल में इलाज के लिए दाखिल होने वाले मरीजों के लिए रेट कार्ड भी तय किया है। दिल्ली के हालात का जायजा
बता दे, दिल्ली में कोरोना संक्रमितों को देखते हुए आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दिल्ली के राज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ चर्चा चल रही है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन, एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शनिवार को कोरोना के हालात पर समीक्षा बैठक की थी। इसमें शाह, डॉ हर्षवर्धन, प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य सचिव, आईसीएमआर के डायरेक्टर और एम्पावर्ड ग्रुप के सदस्य शामिल हुए। बैठक के बाद पीएमओ ने बताया कि देश में कोरोना के दो तिहाई मामले 5 राज्यों में हैं। बड़े शहरों में ज्यादा संक्रमण फैल रहा है