दिल्ली एनकाउंटर: राजेश भारती, 11 साल की उम्र में गया था जेल, पिता की हत्या का था आरोप

शनिवार को दक्षिणी दिल्ली का छतरपुर इलाका अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मोस्ट वांटेड राजेश भारती गैंग के चार इनामी बदमाशों को एनकाउंटर में मार गिराया। इस दौरान एक बदमाश सहित 8 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शनिवार को छतरपुर में मोस्ट वांटेड राजेश भारती गैंग के चार इनामी अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।

राजेश भारती ने 11 साल की उम्र में कर दी थी पिता की हत्या

- पुलिस के साथ इस मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर राजेश भारती पर 11 साल की उम्र में हत्या करने आरोप लगा था। सूत्रों के मुताबिक लगभग 25 साल पहले घरेलू कलह की वजह से राजेश भारती के पिता की हत्या कर दी गई थी। जिसका आरोप राजेश और उसकी मां पर लगा था। हत्या के काफी दिन तक वह जेल में था। कुछ दिनों बाद वह भाई-बहन के साथ गांव छोड़कर चला गया।

15 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे


- आपको बता दें कि भारती पर दिल्ली में 15 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर 1 लाख का इनाम भी था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक लाख के इनामी गैंगस्टर राजेश भारती पर दिल्ली समेत कई राज्यों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके और उसके साथियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

बड़ी वारदात को अंजाम देने आए थे दिल्ली

- जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि राजेश भारती साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने छतरपुर इलाके में आया हुआ है।

हरियाणा पुलिस की हिरासत से भागा था राजेश

- बता दें कि राजेश भारती दिल्ली-एनसीआर का कुख्यात बदमाश था। दूसरे राज्यों में भी उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। उसके सिर पर 1 लाख का इनाम भी रखा गया था। पिछले दिनों वह हरियाणा पुलिस की हिरासत से भाग निकला था।