दिल्लीः पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद पंखे पर लटका DTC ड्राइवर

राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके से आज गुरुवार सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। रोहिणी के नाहरपुर में बीती रात एक बस चालक ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या की उसके बाद खुद ने भी आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है। पुलिस को सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, हालांकि अब तक पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि बस चालक शराब के नशे का आदी था। पड़ोसियों की मानें तो बुधवार को रात भी पत्नी के साथ विवाद हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात को एक शख्स ने पहले तो अपनी पत्नी और दो बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी, उसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंचकर छानबीन कर रही है। हालांकि घटना के पीछे के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है।

मृतक का नाम धीरज यादव है जिसकी उम्र 31 साल थी औरवह दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में अनुबंध पर ड्राइवर था। आज सुबह उसका शव कमरे के पंखे पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। वहीं, मृतक की पत्नी का नाम आरती है जिसकी उम्र 28 साल थी। इसके अलावा दो बच्चे हितेन और अथर्व जिनकी उम्र 6 और 3 साल थी।

पुलिस को बृहस्पतिवार को सुबह हादसे की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पर कमरा अंदर से बन्द था। ऐसे में दरवाजे को तोड़ा गया तो अंदर बस ड्राइवर फंदे पर लटका हुआ था व पत्नी व दोनों बेटे बेसुध पड़े थे। पत्नी व बच्चों के गले पर चोट के निशान थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया।