दिल्ली: धोखे से गली में बुलाया और युवक ने गर्लफ्रेंड पर किया चाकू से वार, ब्रेकअप से था नाराज

दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में सोमवार को ब्रेकअप से नाराज युवक ने लड़की पर चाकू से 6 वार किए। घायल लड़की को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी का नाम सुखविंदर है और उसे हरियाणा के अंबाला से अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले में आगे की जांच कर रही है। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि आरोपी दिल्ली से भाग कर अंबाला में छुप गया है। पुलिस टीम अंबाला पहुंची और उसे अरेस्ट कर लिया।

पीड़िता दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीए की पढ़ाई कर रही है। उसकी 5 साल पहले सुखविंदर से दोस्ती हुई थी। लड़की के परिवार को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था, इसलिए लड़की ने खुद को दूर करना शुरू कर दिया। सुखविंदर से ये बात सहन नहीं हुई। उसने सोमवार को लड़की से मिलने के लिए बुलाया। वह जानना चाहता था कि आखिर लड़की ने ब्रेकअप क्यों किया है? लड़की उससे घर की पास वाली गली में मिलने गई। इसके बाद लड़के ने उस पर चाकू से कई बार हमला किया।