दिल्ली मेट्रो: 4 दिन में दूसरी बार ब्लू लाइन में आई खराबी, दफ्तर जाने वाले हो जाएं अलर्ट

दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन में गुरुवार सुबह एक बार फिर से तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते द्वारका सेक्टर 21 को नोएडा इलेक्ट्रोनिक सिटी/वैशाली से जोड़ने वाली कई मेट्रो ट्रेन देरी से चल रही हैं। हालांकि, अन्य लाइनों पर दिल्ली मेट्रो की सेवा नॉर्मल है। पिछले चार दिनों में यह दूसरी बार है, जब ब्लू लाइन पर तकनीकी परेशानी की वजह से यात्रियों को दिक्कत आई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने ट्वीट करके तकनीकी खराबी की जानकारी दी है। डीएमआरसी ने ट्वीट किया, 'ब्लू लाइन अपडेट। द्वारका सेक्टर 21 और नोएडा इलेक्ट्रोनिक सिटी/वैशाली के बीच सेवा में विलंब है।'

मालूम हो कि रोजाना सुबह-सुबह दिल्ली मेट्रो की मदद से हजारों यात्री दफ्तर जाते हैं। ऐसे में मेट्रो के देरी से चलने की वजह से उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। कई स्टेशनों पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया के जरिए मेट्रो के लेट होने की जानकारी दी है। चार दिनों में दूसरी बार है जब ब्लू लाइन मेट्रो में दिक्कत आई है। इससे पहले, दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन में सोमवार शाम तकनीकी खराबी आई थी। दिल्ली मेट्रो के मुताबिक, खराबी को करीब डेढ़ घंटे में ठीक कर लिया गया था। हालांकि, यात्री करीब ढाई घंटे तक परेशान रहे।

ब्लू लाइन में तकनीकी खराबी की वजह सबसे बुरा हाल यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन का था। वहां नोएडा और वैशाली की तरफ आने-जाने वाले हजारों यात्री फंस गए थे। इसके अलावा मंडी हाउस और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन का भी बुरा हाल था। यहां भीड़ को कोनकोर्स लेवल (सुरक्षा प्रवेश द्वार या टिकट काउंटर) पर ही रोकना पड़ा था।