दिल्ली के अलीपुर में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरी, 5 मजदूरों की मौत, 25 घायल

दिल्ली के अलीपुर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां, एक निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिर गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई। अभी तक 14 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त 20 से 25 मजदूर गोदाम में काम कर रहे थे। ऐसे में अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस प्रशासन रेस्क्यू अभियान चला रहा है। घायल लोगों को इलाज के लिए राजा हरीश चंद्र हॉस्पिटल ले जाया गया है।

जानकारी के अनुसार जो दीवार गिरी है वो 25 फीट से भी ज्यादा ऊंची थी। इसका मलबा ही करीब 4 फीट ऊंचा है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हादसे के बाद ट्वीट कर दुख जताते हुए कहा कि अलीपुर में दुखद हादसा हुआ है। जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में लगा हुआ है। मैं खुद भी राहत कार्य पर नजर रखे हूं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि दिवंगत आत्मओं की शांति के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

वहीं बताया जा राह है कि इलाके में से गोदामों को हटाने क लिए स्‍थानीय लोगों ने कई बार शिकायत की है। इस संबंध में डीएम और एसडीएम कार्यालय में लिखित शिकायत भी दी गई थी लेकिन इसके बाद भी अवैध गोदामों को वहां से नहीं हटाया गया है।