IPL 2021 : दीपक हूडा की RR के खिलाफ तेज हाफ सेंचुरी, ठीक 6 साल पहले राजस्थान की टीम में रहते हुए किया था यही कारनामा

सोमवार को पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को हार का स्वाद चखाया जिसमें पंजाब के कई खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। सबसे रोमांचक खेल दिखा दीपक हूडा का जिसकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से पंजाब एक विशाल स्कोर खड़ा कर पाई। हूडा ने पंजाब की पारी को जरूरी रफ्तार दी। उन्होंने 28 गेंद पर 64 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और छह छक्के लगाए। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सिर्फ 20 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। वह आईपीएल में किसी अनकैप्टड खिलाड़ी द्वारा दूसरी सबसे तेज हाफ सेंचुरी है। इससे पहले मुंबई इंडियंस के ईशान किशन ने 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कोलकाता में 17 गेंद पर हाफ सेंचुरी लगाई थी।

दीपक हूडा इसके साथ ही आईपीएल के इतिहास में दो बार 23 गेंद से कम हाफ सेंचुरी लगाने वाले पहले अनकैप्टड खिलाड़ी भी बन गए हैं। रोचक बात तो यह हैं कि 12 अप्रैल, 2021 को दीपक हूडा ने यह कारनाम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 गेंद पर हाफ सेंचुरी लगाकर किया और ठीक 6 साल पहले 12 अप्रैल, 2015 को राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए 22 गेंद पर फिफ्टी बनाई थी।