हरियाणा : संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला 21 वर्षीय युवक का शव, पिता ने जताई हत्या की आशंका

हरियाणा के हिसार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां संदिग्ध परिस्थितियों में 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा। वहीं मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पिता कोयल सिंह का कहना है कि उसके बेटे को अज्ञात लोगों द्वारा मार कर पेड़ पर लटकाया गया है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। वारदात स्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

घटना जिले के गांव हसनगढ़ से कुंभा खेड़ा मार्ग के नजदीक सुरबरा माइनर के किनारे गांव काकड़ोद निवासी 21 वर्षीय विकास के साथ हुई। मृतक विकास अविवाहित था। गांव काकड़ोद निवासी मृतक के पिता कोयल सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार को विकास का जन्मदिन था। विकास रात को उनके पास चौबारे में सो गया था। उसके बाद सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे कोयल सिंह खेत में चला गया। करीब साढ़े 11 बजे पता चला कि विकास ने गांव हसनगढ़ माइनर के पास पेड़ से फंदा लगा लिया है। जब परिजनों को साथ लेकर कोयल सिंह मौके पर पहुंचा तो विकास का शव पेड़ से लटका मिला। कोयल सिंह के अनुसार काकड़ोद से गांव हसनगढ़ की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। अगर उसके बेटे ने फांसी लगानी थी तो वह घर या अपने खेत में भी लगा सकता था। उसे इतनी दूर आने की क्या आवश्यकता थी।