पंजाब : गंदे नाले में मिली खून से लथपथ लाश, तेजधार हथियार से की गई हत्या

पंजाब के लुधियाना में तब सनसनी फ़ैल गई जब हैबोवाल के चंद्र नगर पुलिया के पास शुक्रवार सुबह गंदे नाले में प्लास्टिक के बोरे में एक लाश मिली। एक टांग बोरे से बाहर निकली थी जिसकी वजह से लोगों को इसके बारे में पता चल सका। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से खून से लथपथ शव को बाहर निकलवाया। एडीसीपी समीर वर्मा ने कहा कि देखने से ऐसा लग रहा है हत्या एक या दो दिन पहले की गई है। शव बहकर यहां पहुंचा है। सभी थानों को सूचना दे दी गई है और वहां से लापता लोगों के रिकार्ड मंगाए हैं। शव की पहचान के बाद ही मामले की जांच को दिशा मिल सकेगी।

चंद्र नगर पुलिया के पास शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे गंदे नाले में प्लास्टिक के बोरे में एक शव देख राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया। शव लहूलुहान था। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष है। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आशंका है कि तेजधार हथियार से व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव बोरे में डाल कर गंदे नाले में फेंक दिया गया है। पुलिस के अनुसार गंदे पानी में पड़ा रहने के कारण शव का चेहरा बुरी तरह से गल गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।