MP News: भोपाल में गौशाला के पास मैदान में बिखरे मिले 80 गायों के शव और कंकाल, दिग्विजय सिंह ने BJP पर बोला हमला

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पास बैरसिया तहसील में गायों के शव और कंकाल मिलने से हडकंप मच गया है। मामला भारती नाम की गौशाला और उसके पास एक मैदान का है। रविवार को गौशाला में बने कुएं में 20 गायों के शव मिले हैं तो वहीं गौशाला से सटे मैदान में करीब 80 गायों के शव और कंकाल दोनों मिले हैं। 8 गायों की मौत शनिवार को ही हुई है। उधर, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि ये गौशाला भाजपा महिला नेता की है।

मामले की जानकारी मिलने पर गौशाला के पास पहुंचकर हिंदू संगठनों ने नारेबाजी की और गौशाला चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया बैरसिया गांव पहुंचे और मौके का जायजा लिया।

भोपाल कलेक्टर अवनीश लवानिया ने जायजा लेने के बाद मामले की जांच और गौशाला का संचालन करने वाली महिला निर्मला शांडिल्य के खिलाफ FIR दर्ज कराने के आदेश दिए है। इसके अलावा निर्मला शांडिल्य से गौशाला संचालन का अधिकार छीनते हुए गौशाला संचालन की जिम्मेदारी जनपद CEO को सौंपी गई। निर्मला देवी 20 साल से गौशाला का संचालन कर रही हैं।

भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि शुरुआती जांच में शवों के निष्पादन में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिन गायों के शवों का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन होना चाहिए था, उन्हें खुले में फेंका गया जो गलत और अमानवीय था। कलेक्टर के मुताबिक जिन गायों की मौत हाल में हुई है, उनके शवों का पोस्टमार्टम भी कराया जा रहा है।

दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर बोला हमला

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गौशाला में हुई गायों की मौत के बाद बीजेपी पर हमला बोला है। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि गौशाला का संचालन करने वाली निर्मला शांडिल्य बीजेपी की नेता हैं।

उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि बैरसिया भोपाल जिले में कई वर्षों से भाजपा नेता शांडिल्य द्वारा संचालित गौशाला में गाय की हड्डी व चमड़े का व्यापार चला हुआ था। आज लगभग 500 से अधिक गाय मृत पाई गईं।दिग्विजय ने मांग की है कि इस गौशाला के संचालक मंडल पर गौ हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए। क्या शांडिल्य चमड़े और हड्डियों का व्यापार कर रहीं थीं? इसकी भी जांच होना चाहिए। इस गौशाला को पिछले वर्षों में जो अनुदान मिला है उसकी भी जांच होना चाहिए।

मिर्ची बाबा पहुंचे गौशाला

मिर्ची बाबा शाम को गौशाला पहुंचे। उन्होंने कहा कि 500 गायें तड़प- तड़पकर मर गईं। उन्होंने सीएम शिवराज और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की कार्यशैली की तुलना रावण से की। मिर्ची बाबा ने कहा कि बीजेपी सरकार में भूख से गायें मर रही हैं। प्रदेश के हर गौशाला का मैं खुद निरीक्षण करूंगा।