पाकिस्तान / क्या अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की कोरोना से हुई मौत?

पाकिस्तान में छिपे भारत के मोस्ट वॉन्टेड और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की मौत की अटकलें लगाई जा रही हैं। दरअसल, शुक्रवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि दाऊद और उसकी पत्नी कोरोना संक्रमित हैं और कराची के आर्मी हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई गई। इसके बाद शनिवार को उसकी मौत की खबरें आने लगीं। अब तक इनकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

छोटे भाई अनीस ने संक्रमित होने की खबरों को नकारा

शुक्रवार को ही दाऊद के छोटे भाई अनीस ने दाऊद के संक्रमित होने की खबरों से इनकार किया था। अनीस ने कहा था कि डी-कंपनी (दाऊद के नेटवर्क को इसी नाम से जाना जाता है) दुबई और पाकिस्तान में बिजनेस कर रही है।

सच्चाई का इंतजार

शुक्रवार रात इंटेलिजेंस एजेंसियों के हवाले से आईं रिपोर्ट्स में कहा गया था कि कराची के क्लिफ्टन इलाके में रहने वाला दाऊद और उसकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव हैं। आगे कहा गया था कि दोनों का कराची के आर्मी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है और दाऊद की हालत गंभीर है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान आर्मी की इंटेलिजेंस यूनिट और आईएसआई उस पर नजर बनाए हैं।
फिर अनीस का खंडन

दाऊद की सेहत पर अटकलों के बीच न्यूज एजेंसी ने उसके छोटे भाई अनीस से बातचीत की। अनीस ने दाऊद या परिवार के किसी सदस्य के संक्रमित होने की खबरों को खारिज कर दिया। अनीस की लोकेशन साफ नहीं है। अनीस ने कहा- भाई और शकील (दाऊद का दायां हाथ छोटा शकील) अच्छे हैं। किसी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव नहीं है। परिवार का कोई भी सदस्य अस्पताल में नहीं है।

आईएसआई की पनाह में है दाऊद

माना जाता है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में दाऊद इब्राहिम कराची में रह रहा है। उस पर 1993 के मुंबई सीरियल बम ब्लास्ट समेत कई आरोप हैं। पाकिस्तान दाऊद और उसके परिवार की देश में मौजूदगी से इनकार करता रहा है।

दाऊद 1994 से पाकिस्तान में है। उसकी बेटी माहरूख की शादी पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान जावेद मियांदाद के बेटे जुनैद से हुई है। डी-कंपनी का वसूली और सट्टेबाजी सिंडिकेट का प्रभारी छोटा शकील भी कराची में रहता है।
बता दे, पहले भी कई बार उसके कई तरह की बीमारियों से मरने की अफवाह फैल चुकी है। कभी उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई, तो कभी गैंगरीन से। एड्स भी उसे मार चुका है और अब कोरोना ने उसकी जान ले ली है। लेकिन इससे पहले हर बार उसकी मौत केवल अटकल बनकर रही और वह हर बार इन्हें गलत साबित करता रहा।

गैंगरीन से 'मौत'

2016 में दाऊद को गैंगरीन होने की खबर सुर्खियों में थी। खबरों के मुताबिक दाऊद को तीन महीने पहले अपने घर में ही वॉक करते वक्त चोट लग गई थी, लेकिन डायबिटीज के कारण वो ठीक नहीं हो पाई और अब गैंगरीन में तब्दील हो चुकी थी। दावा किया जा रहा था कि गैंगरीन के कारण दाउद का पैर काटने की नौबत भी आ सकती है।माना जा रहा था कि अगर उसकी टांग काटी गई तो पूरे शरीर में जहर फैल सकता है और उसकी जान जा सकती है। चीन से लाकर नकली पैर लगाने की भी बात कही जा रही थी। लेकिन ये सारी बातें अफवाह बनकर ही रह गई। इस बीच उसके एड्स से भी मरने की खबर आई लेकिन यह भी अफवाह बनकर रह गई।

दिल का दौरा पड़ने से 'मौत'

अप्रैल 2017 में भी दाऊद इब्राहिम की मौत की खबरें सामने आई थीं। पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से कहा गया था कि दाऊद को दिल का दौरा पड़ा है। तब कहा गया था कि नाजुक हालत में उसे कराची के आगा खान अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आखिरी सांसें गिन रहा है। कुछ खबरों में तो उसे मृत घोषित कर दिया गया था। हालांकि बाद में यह खबर केवल अफवाह निकली।