फिर शर्मसार हुई दिल्ली, त्रिलोकपुरी इलाके में 6 साल की दलित बच्ची से गैंगरेप; एक आरोपी गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में बुधवार रात दलित नाबालिक बच्ची के साथ दो लोगों ने गैंगरेप किया। बच्ची की उम्र 6 साल की है। पुलिस ने शिकायत के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालाकि, परिवार का आरोप है कि पुलिस FIR दर्ज करने में टालमटोल कर रही थी। उनका कहना था कि इससे परिवार की बदनामी हो जाएगी। हालांकि, पुलिस का दावा है कि घटना के तुरंत बाद FIR दर्ज कर ली गई थी। जिस इलाके में बलात्कार की ये घटना हुई है वहां दलितों के गिने-चुने घर हैं। अधिकतर लोग दक्षिण भारतीय हैं जो लंबे समय से यहां रहते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार आरोपी भी दक्षिण भारतीय ही है।

एक रिश्तेदार ने बताया कि बच्ची रोते हुए घर आई। हाथ उसी की फ्रॉक से बांध दिए गए थे। उसने कहा कि उसे चोट लगी है। प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। दोबारा पूछा तो उसने कहा- दो लोगों ने मेरे साथ जबर्दस्ती की है। दुष्कर्मियों ने जुबान खोलने पर परिवार वालों को जान से मार देने की धमकी दी थी।

DCP प्रियंका कश्यप ने बताया कि बच्ची का देर रात मेडिकल कराया गया। उसकी हालत ठीक है। ऐसे में उसे अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया। उसका बयान लिया गया है। 34 साल के एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शादीशुदा है।