कपिल देव की ताजा हेल्थ अपडेट, जानिए कब मिलेगी अस्पताल से छुट्टी

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और साल 1983 में भारत को पहला वर्ल्ड कप जिताने वाले कपिल देव को शुक्रवार को हार्ट अटैक आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीने में दर्द के बाद शुक्रवार को उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हार्ट में ब्लॉकेज के कारण कपिल देव की एंजियोप्लास्टी हुई है अब उनकी सेहत का ताजा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब कपिल देव की हालत स्थिर है और कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल सकती है।

रात 1 बजे हुए थे अस्पताल में भर्ती

कपिल देव को रात 1 बजे दिल्ली के फॉर्टिस एसकॉर्ट हार्ट इंस्टिट्यूट में भर्ती कराया गया था। कपिल देव को सीने में दर्द की शिकायत थी। डॉक्टरों ने तुरंत कपिल देव को आईसीयू में भर्ती किया और उसके बाद उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।

एसकॉर्ट अस्पताल के बयान के मुताबिक, 'कपिल देव को शुक्रवार देर रात अस्पताल में भर्ती किया गया और डॉक्टर अतुल माथुर और उनकी टीम ने कपिल देव की एंजियोप्लास्टी की। अब कपिल की हालत स्थिर है। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलेगी।'

भारतीय क्रिकेटर संघ (आईसीए) अध्यक्ष और कपिल के मित्र अशोक मल्होत्रा ने पीटीआई को यह जानकारी दी कि अब उनका स्वास्थ्य ठीक है। पूर्व टेस्ट खिलाड़ी मल्होत्रा ने कहा, 'वह अब ठीक महसूस कर रहे हैं। मैंने अभी उनकी पत्नी (रोमी) से बात की' वह कल थोड़ी बेचैनी महसूस कर रहे थे। अस्पताल में उनके परीक्षण किये जा रहे हैं।'

कपिल देव का स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद दुनियाभर में उनके लिए दुआएं की जा रही हैं। दिग्गज क्रिकेटरों से लेकर उनके फैंस तक सभी कपिल के स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे हैं। वैसे डॉक्टरों ने कपिल देव के स्वास्थ्य पर अच्छी खबर दी है। जल्द ही कपिल देव अस्पताल से घर जा सकेंगे। टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी भी उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सचिन, विराट, सुरेश रैना, शिखर धवन जैसे खिलाड़ियों ने कपिल देव के स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर लिखा, अपना ध्यान रखें। कपिल आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं।'

भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया, ' आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहा हूं। जल्दी ठीक हो जाइये पाजी। '

भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने ट्वीट किया, 'कपिल देव सर आपके जल्दी से ठीक होने की कामना करता हूं। हमेशा मजबूत रहिये। '