चीन में फिर फैलने लगा कोरोना, एक दिन में मिले 3100 नए मरीज, शेनजेन में लगा लॉकडाउन

चीन में एक बार फिर कोरोना के केस तेजी से मिलने लगे हैं। चीन में रविवार को करीब 3100 मामले सामने आए हैं। यह पिछले 2 साल में सबसे ज्यादा केस हैं। शेनजेन में एक दिन में 66 केस मिलने के बाद लॉकडाउन लगा दिया गया। इसी के साथ यहां रहने वाले 1.7 करोड़ लोग घरों में कैद हो गए। उधर, शंघाई में भी स्कूलों को बंद कर दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को चांगचुन में लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। इसके अलावा शांडोंग के युचेंग में भी लॉकडाउन का ऐलान किया गया था।

चीन में अधिकारियों का कहना है कि ओमिक्रॉन के चलते केस बढ़ रहे हैं। चीन में केस बढ़ने के चलते लाखों लोगों को लॉकडाउन के तहत घरों में कैद होना पड़ रहा है। 1.70 करोड़ आबादी वाले शेनजेन में सोमवार से सभी शहरों-गांवों में लॉकडाउन लगा दिया गया। यहां मेट्रो और बस सर्विस भी बंद कर दी गई। शंघाई में भी स्कूलों, बिजनेस और मॉल-रेस्टोरेंट्स को बंद कर दिया गया।

चीन में 2019 में कोरोना का पहला केस मिला था। इसके बाद से चीन कड़ाई से जीरो कोविड पॉलिसी का पालन करा रहा है। इसके तहत किसी क्षेत्र में केस आने पर लॉकडाउन, कड़े यात्रा प्रतिबंध और बड़े स्तर पर टेस्टिंग जैसे कदम उठाए जाते हैं।