कोरोना फिर पकड़ने लगा रफ्तार, 24 घंटे में मिले 3451 नए मरीज, 40 की हुई मौत

देश में कोरोना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,451 नए केस मिले हैं। इसके साथ ही इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हजार एक पार पहुंच गई है। साथ ही 40 लोगों की मौत भी हुई है इसमें अकेले केरल में 35 लोग शामिल हैं। देश में महामारी शुरू होने के बाद से लेकर अब तक 5,24,064 लोगों की इस वायरस से संक्रमित होने की वजह से मौत हुई है। महामारी शुरू होने के बाद से लेकर अब तक भारत में कुल 4,31,02,194 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 4,25,57,495 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक भी हुए है।

आपको बता दे, इससे पहले 7 मई यानी शनिवार को 3,805 नए केस दर्ज किए गए थे। कल के मुकाबले आज के ताजा मामलों में 9% की कमी आई है। शनिवार को जिन 5 राज्यों में अधिकतम मामले दर्ज किए गए थे, उनमें दिल्ली (1656), हरियाणा (582), केरल (400), उत्तर प्रदेश (320) और महाराष्ट्र (205) शामिल थे। 83.13% नए मामले इन पांच राज्यों से सामने आए थे, जिनमें से 43.52% नए मामलों के लिए अकेले दिल्ली जिम्मेदार था।

देश में सक्रिय मरीजों की संख्या अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या का 0.05% है। वहीं रिकवरी रेट 98.74% पहुंच गया है। डेली पॉजिटिविटी रेट 0.96% और वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.83% है। वैक्सीनेशन की बात करें तो अब तक देश में वैक्सीन के 193.53 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। राज्यों के पास अभी 18.47 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन का स्टॉक बचा हुआ है।12 से 14 साल की उम्र के बच्चों को टीके के 3.04 करोड़ डोज पहली खुराक के रूप में लगा दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोरोना वायरस से संक्रमित जिन 40 लोगों की मौत ​बीते 24 घंटों के दौरान हुई थी, उनमें से 70% मरीजों को पहले से अन्य कई बीमारियां भी थीं।