पद्मश्री निर्मल सिंह की कोरोना से हुई मौत, कुछ दिनों पहले ही लौटे थे UK से

पद्मश्री और स्वर्ण मंदिर के पूर्व 'हजूरी रागी' निर्मल सिंह की कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण गुरुवार तड़के लगभग 4:30 बजे मौत हो गई। विदेश से लौटने के बाद उन्हें सांस फूलने की दिक्कत हुई थी और 30 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनकी रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव आया था। उन्हें 2009 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था पंजाब (Punjab) के अमृतसर में सिविल सर्जन प्रभदीप कौर जोहल ने बताया कि 62 वर्षीय निर्मल सिंह की जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरु नानक देव अस्पताल के सिविल सर्जन प्रभदीप कौर जौहल ने बताया कि निर्मल सिंह की हालत गंभीर थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उन्हें पहले से अस्थमा था जिसके कारण उनकी हालत और गंभीर थी। गुरुवार को तड़के उन्होंने अंतिम सांसें लीं। बताया जा रहा है कि वह कुछ महीनों पहले ही यूके से लौटे थे। वहां से आने के बाद वह कई कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे। वह 29 फरवरी को तबलावादक जाकिर हुसैन के साथ स्वर्ण मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भी मौजूद थे। चंडीगढ़ में भी 19 मार्च को उन्होंने एक घर में कीर्तन किया था, जहां दर्जनों लोग मौजूद थे।

पुलिस ने संक्रमण के फैलने से रोकने के लिए निर्मल सिंह के आवास के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है। इसके साथ उनकी दो बेटियां, बेटा, पत्नी, एक ड्राइवर और उनके साथ छह अन्य लोगों को अस्पताल में आइसोलेट कर लिया गया है। साथ ही उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

बता दे, पंजाब में सोमवाप को पांच और व्यक्तियों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिससे राज्य में कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या 46 हो गई है। सरकारी अधिकारियों ने बताया कि मोहाली जिले के तीन और लुधियाना और अमृतसर के एक-एक व्यक्ति को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया।