हरियाणा : छत के नीचे दबने से हुई पति-पत्नी की मौत, लेने गए थे पशुओं के लिए चारा

हरियाणा के झज्जर के गांव दुबलधन पाना किरमाण में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया जहां पशु चारे के लिए बनाए कमरे की छत गिरने से उसके मलबे में बुजुर्ग दंपत्ति दब गया और दोनों पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद बेरी पुलिस नागरिक अस्पताल बेरी पहुंची। परिजनों से जानकारी जुटाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। बेरी थाना उप निरीक्षक सुंदरपाल का कहना है कि दुबलधन में कमरे की छत गिरने से पति-पत्नी की दबने से मौत हुई। मामला इत्तेफाकिया है। पोस्टमार्टम के लिए शवों को झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव दुबलधन पाना किरमाण निवासी लाल सिंह (65) पुत्र शेर सिंह और उनकी पत्नी शकुंतला (62) अपने मकान से करीब आधा किलोमीटर दूरी पर पशु चारे के लिए बनाए गए कमरे से पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। एकाएक कमरे की छत गिर गई और पति-पत्नी छत के नीचे दब गए। वहीं परिजनों को छत के गिरने के करीब दो घंटे बाद पता चला। आनन-फानन में परिजन दंपती को बेरी के नागरिक अस्पताल में लेकर आए जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।