Corona Worldwide: दुनियाभर में मिले 12 लाख नए कोरोना केस, 24 घंटे में 4,888 मौतें

भारत में भले ही कोरोना के मामलों में गिरावट देखने को मिल रही है लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है। पिछले 24 घंटे यानी 7 मार्च को पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के 12 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं। वहीं, इस दौरान होने वाली मौतें भी चिंता बढ़ा रही है। worldometers के मुताबिक, 7 मार्च को दुनियाभर में 12,15,764 कोरोना केस सामने आए हैं। वहीं, 4,888 संक्रमित मरीजों की मौत भी हुई है। सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की बात करें तो दक्षिण कोरिया, वियतनाम, जर्मनी, रूस, ब्रिटेन और नीदरलैंड्स सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

दक्षिण कोरिया में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सबसे ज्यादा 2.10 लाख केस सामने आए हैं। यहां, 139 मरीजों की मौत भी हुई है। वहीं, वियतनाम में 1,47,358 नए केस मिले 78 लोगों की मौत हुई हैं। इसके अलावा जर्मनी में कोरोना के 1,22,895 केस, रूस में 73,162 केस, नीदरलैंड में 64,441 केस मिले। इसके अलावा जापान में 55 हजार से ज्यादा केस, यूके में 42,040 केस और अमेरिका में 25,751 केस सामने आए। ब्राजील में भी 20,456 केस मिले हैं।

रूस में सबसे ज्यादा 668 लोगों की मौत

पिछले 24 घंटे में कोरोना से दुनियाभर में 4,888 लोगों की मौत हुई है। रूस में सबसे ज्यादा 688 लोगों की जान गई। जबकि अमेरिका में 508 ने जान गंवाई। इंडोनेशिया में 258, ब्राजील में 211 लोगों की जान गई है। दुनियाभर में कोरोना के अब तक 44.8 करोड़ मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, 60.27 लाख लोगों की कोरोना से मौत हुई है। अब तक 38.2 करोड़ लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

भारत में क्या है कोरोना की स्थिति?

भारत की बात करे तो बीते दिन कोरोना के 3,993 केस सामने आए हैं। वहीं, 108 लोगों की मौत भी हुई है। भारत में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 49,948 हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 8,055 लोग ठीक हुए हैं। अब तक देश में कुल 98.68% यानी 4.24 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं।