कोरोना टीकाकरण अभियान पकड़ रहा रफ्तार, आज लगी रिकॉर्ड 93 लाख से ज्यादा वैक्सीन

कोरोना को मात देने के लिए वैक्सीनेशन बहुत जरूरी हैं और ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगा इसकी तीसरी लहर की संभावना को खत्म करने की जरूरत हैं। इस बीच देखने को मिल रहा हैं कि टीकाकरण अभियान रफ्तार पकड़ रहा हैं। आज की बात करें तो शुक्रवार को देशभर में 93 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए। यह अभी तक एक दिन में टीकाकरण का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। इसके साथ ही देश में कुल टीकाकरण का आंकड़ा अब 62 करोड़ से अधिक हो गया है।

देश में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू हुआ था। 10 करोड़ का आंकड़ा छूने में भारत को 85 दिन लगे थे। वहीं, 10 से 20 करोड़ के निशान पर हम 45 दिन में पहुंचे। 20 से 30 करोड़ तक पहुंचने में 29 दिन का समय लगा। 30 से 40 करोड़ तक 24 दिन में पहुंचे। छह अगस्त को देश में टीकाकरण ने 50 करोड़ का आंकड़ा पार किया था।