यूपी में एक्टिव केस में लगातार आ रही है कमी, 24 घंटे में 6546 कोरोना मरीज हुए डिस्चार्ज

उत्तर प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट 83.64% हो गया है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 4412 नए मामले सामने आए हैं वहीं, 6546 मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज भी हुए है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट और सक्रिय मामलों में कमी के साथ ही कंटेनमेंट जोन की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में अब 18 हजार 510 कंटेनमेंट जोन रह गए हैं। इन इलाकों में 13.5 लाख मकान में 75 लाख लोग रह रहे हैं। कंटेनमेंट जोन में 48 हजार 997 कोरोना पॉजिटिव अभी तक मिले हैं।

शनिवार को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या अब घटकर 57 हजार 86 हो गई है। इसमें से 29 हजार 266 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं 2 हजार 629 मरीज प्राइवेट व 145 मरीज सेमी पेड अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल 203246 मरीजों ने होम आइसोलेशन का विकल्प चुना है। इसमें से 173980 उपचारित हो चुके हैं। यूपी में अभी तक 5 हजार 517 कोरोना मरीजों की मौत हुई है।

अब तक 94 लाख से ज्यादा लोगों की हो चुकी जांच

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि हम लगातार 1.5 लाख से अधिक टेस्टिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को भी प्रदेश में 1 लाख 56 हजार 828 सैंपल्स की जांच की गई। इस तरह उत्तर प्रदेश में अब तक 94 लाख 67 हजार 186 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर तक हम एक करोड़ कोरोना सैंपल्स की जांच कर लेंगे। प्रसाद ने बताया कि राज्य में 12 करोड़ से अधिक लोगों का मेडिकल सर्विलांस का काम पूरा हो चुका है।