कोरोना वायरस : देश में अब तक 195 केस, चार लोग गंवा चुके जान, 20 हुए ठीक

कोरोना वायरस का कहर भारत में बढ़ता जा रहा है। इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए कई राज्यों में पाबंदियां लगाई जाने के चलते वे बंद जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं। बुधवार को देशभर में संक्रमण के 28 नए मामले सामने आए जो एक दिन में अब तक सबसे ज्यादा है। आज सुबह से अब तक कोरोना के 3 नए मामले सामने आ चुके हैं। मुंबई में 2 महिलाओं और छत्तीसगढ़ में 1 में कोरोना की पुष्टि हुई है। इस तरह देश में संक्रमण के कुल 195 मामले सामने आ चुके है। इसमें से 32 विदेशी हैं। हालाकि, इनमें से 20 लोग इस वायरस से निजात पा चुके है। वहीं 4 लोगों की जान जा चुकी है। भारत सरकार की तरफ से लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है, फैलने से रोकने के लिए कई कदम भी उठाए गए हैं। विदेशों में फंसे भारतीयों को भी सरकार वापस ला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात 8 बजे देश के नाम अपने संबोधन में इस संकट का मजबूती से मुकाबला करने के लिए 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक 'जनता कर्फ्यू' का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के अलावा अन्य शख्स इस दौरान घर से बाहर नहीं निकले। कोरोना से जुड़ी कोई जानकारी लेने या देने के लिए हेल्पलाइन नंबर +91-11-23978046 पर फोन किया जा सकता है। इसके अलावा हर राज्य ने अपना हेल्पलाइन नंबर जारी किया हुआ है।

दुबई से लौटे यात्रियों को एकांतवास में भेजा

पुणे में दुबई से लौटे 114 यात्रियों को क्वारटीन में भेज दिया गया है। ये सभी यात्री स्पाइसजेट की फ्लाइट से पुणे थे जहां इन्हें एकांतवास में भेज दिया गया। इन 114 यात्रियों में से एक ने कफ होने की शिकायत की जिसके बाद उसे नाडयू सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। असल में दुबई से 115 यात्री लौटे जिनमें से एक को अस्पाल में भर्ती करा दिया गया जबकि 114 को क्वारटीन कर दिया गया।