देश में 18 लाख के पार हुआ कोरोना मरीजों का आंकड़ा; महाराष्ट्र में मिले 9,509 संक्रमित

देश में रविवार को कोरोना मरीजों का आंकड़ा 18 लाख के पार हो गया। लगातार 6वीं बार एक लाख केस केवल दो दिन में सामने आए। अब तक देश में 18 लाख 04 हजार 258 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 11 लाख 81 हजार 471 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 5 लाख 78 हजार 171 लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से करीब 9 हजार मरीजों की हालत गंभीर है। अब तक 38 हजार 158 लोगों की मौत हो चुकी है।

गंभीर मरीजों के मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। 18,720 क्रिटिकल मरीजों के साथ अमेरिका पहले नंबर पर और 8,318 मरीजों के साथ ब्राजील तीसरे नंबर पर है।

हालांकि, इन्हीं आंकड़ों को प्रतिशत में देखें तो भारत में सबसे ज्यादा 1.57% मरीजों की हालत गंभीर है। आसान भाषा में समझें तो भारत में अभी जिन मरीजों का इलाज चल रहा है, उनमें से हर 200 संक्रमितों में से 3 की हालत गंभीर है। अमेरिका में 200 मरीजों पर लगभग 2 मरीज और ब्राजील में 1 संक्रमित की हालत नाजुक है।

रविवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9 हजार 509 नए मरीज मिले। आंध्र प्रदेश में 8 हजार 555 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तमिलनाडु में 5 हजार 875 नए मरीज बढ़े। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। संक्रमित होने की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी।