महाराष्ट्र / औरंगाबाद में नमाज पढ़ने जा रहे 100 लोगों को रोकने गई पुलिस टीम पर पथराव, 3 पुलिसकर्मी घायल

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में सामूहिक नमाज में शामिल होने के लिए जा रहे 100 से ज्यादा लोगों को रोकने गई पुलिस टीम पर पथराव हुआ है। सोमवार रात 8 बजे के आसपास 100 से ज्यादा की संख्या में लोग शहर की संभाजी मार्ग पर स्थित एक मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए जा रहे थे। उन्होंने रोकने के लिए औरंगाबाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लॉकडाउन का हवाला देते हुए सभी को अपने-अपने घर जाने की अपील की। इसी दौरान, भीड़ में कुछ लोग भड़क गए और पुलिस से विवाद करने लगे। इस दौरान भीड़ में से कुछ लोगों ने पुलिसवालों पर पथराव कर दिया। इस पथराव में तीन पुलिसवाले घायल हुए हैं। इनमें एक अधिकारी और दो कांस्टेबल हैं। घायलों को जिले के घाटी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इस मामले में 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।

औरंगाबाद में संक्रमित मरीजों को संख्या बढ़कर 95 तक पहुंच गई। इसके बाद इसे रेड जोन में डाल दिया गया है। सामूहिक नमाज पढ़ने पर रोक लगी हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 42 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं।

वहीं, महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। राज्य में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 522 नए मामले सामने आए, जबकि 27 लोगों की मौत हुई। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8590 हो गई। मरने वालों का आंकड़ा 369 हो गया। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 395 मामले मुंबई में सामने आए, जबकि 15 लोगों की मौत हुई है। मुंबई में कोरोना के कुल 5589 केस हैं। वहीं, अब तक 219 लोगों की मौत हुई है।