8 महीने बाद 700 के करीब पहुंचा मौत का आंकड़ा, 3.47 लाख नए कोरोना केस

देश में गुरुवार को 701 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। ये मौतें तीसरी लहर में सबसे ज्यादा है। मौतों का आंकड़ा 8 महीने बाद 700 के करीब पहुंचा है। दूसरी लहर में केस घटने के दौरान 11 मई को 724 मौतें दर्ज की गई थी। इसके साथ ही एक दिन में 3 लाख 47 हजार 254 नए कोरोना मरीज भी मिले। इस दौरान 2.51 लाख लोग ठीक हुए। वहीं, पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में 29,722 की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे एक दिन पहले बुधवार को 3.17 लाख लोग संक्रमित मिले थे और 491 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले 17 जनवरी को देश में 310 मौतें हुई थी।

फिलहाल देश में 20.12 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 20 लाख के पार पहुंचा है। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख और 8 जनवरी को 5 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से महज 21 दिन में कुल एक्टिव केस 20 गुना हो गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक केंद्र सरकार की ओर से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अभी तक कोरोना वैक्सीन की 159.91 करोड़ उपलब्ध कराई गई हैं। राज्यों के पास अभी भी 12.73 करोड़ डोज का बैलेंस है, जिसका इस्तेमाल किया जाना बाकी है।

सरकार ने गुरुवार को बच्चों के लिए नई कोरोना गाइडलाइन जारी की है। इसमें 18 साल से कम उम्र के बच्चों के संक्रमित होने पर एंटीवायरल या मोनोक्लोनल एंटीबॉडी का इस्तेमाल नहीं करने का सुझाव दिया गया है।