देश में बीते दिन मिले 7,145 नए कोरोना मरीज, सक्रिय मामले घटकर हुए 84,565

देश में बीते कई दिनों से रोजाना मिलने वाले नए मरीजों की संख्या 10 हजार से नीचे बनी हुई है। साथ ही एक्टिव केसों में भी गिरावट आ रही हैं। शनिवार को ताजा अपडेट के अनुसार, भारत ने पिछले 24 घंटे में 7,145 नए कोरोना वायरस के मामले दर्ज किए। इसके साथ ही देश में COVID-19 मामलों की कुल संख्या 3 करोड़ 47 लाख 33 हजार 194 हो गई है, जबकि एक्टिव केस घटकर 84,565 हो गए। पिछले 24 घंटे में 289 लोगों की कोरोना वायरस से मौत भी हुई है। इसी के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,77,158 हो गई है। 24 घंटों में सक्रिय मामलों में 1,850 मामलों की कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा, राष्ट्रीय COVID-19 रिकवरी दर 98.38% दर्ज की गई है।

पिछले 51 दिनों से नए कोरोना वायरस संक्रमणों में दैनिक वृद्धि 15,000 से नीचे दर्ज की गई है। दैनिक सकारात्मकता दर 0.57% दर्ज की गई थी। पिछले 75 दिनों से यह 2% से भी कम है। साप्ताहिक सकारात्मकता दर भी 0.62% दर्ज की गई। मंत्रालय के मुताबिक पिछले 34 दिनों से यह 1% से नीचे है। बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 41 लाख 71 हजार 471 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.37% हो गई। बीते दिन 8,706 लोग डिस्चार्ज हुए।

राष्ट्रव्यापी COVID-19 टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश में कोरोना वायरस के खिलाफ 136.66 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है।

बढ़ रहे ओमीक्रोन से संक्रमित मरीज

भारत में शुक्रवार को ओमीक्रोन के सबसे ज्यादा 24 नए मामले आने के साथ ही कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित लोगों की संख्या 115 हो गई है। इसके साथ ही देश में अब तक 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक ओमिक्रोन वैरिएंट (Omicron Variant) पहुंच गया है। देश में सबसे पहले ओमिक्रोन के 2 मामले कर्नाटक में आए थे। भारत में ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा 40 मामले महाराष्ट्र, दिल्ली में 22, राजस्थान में 17, तेलंगाना में 8, कर्नाटक में 8, केरल में 7, गुजरात में 7, उत्तर प्रदेश में 2, आंध्र प्रदेश में 1, तमिलनाडु में 1, बंगाल में 1 और चंडीगढ़ में 1 मामला दर्ज किया गया है।