Corona Third Wave: पहली बार 24 घंटे में मिले 2 लाख से ज्यादा नए संक्रमित, एक्टिव केस 10 लाख से ज्यादा

देश में तीसरी लहर में पहली बार बुधवार को 2 लाख से ज्यादा केस मिले। रात 9 बजे तक 2,26,026 नए कोरोना संक्रमित मिल चुके थे। इस दौरान 76,447 लोग ठीक हुए, लेकिन 355 लोगों की मौत हो गई है। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी 1,49,224 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहली बार कुल एक्टिव केस 10 लाख के पार पहुंच गए हैं। फिलहाल 10.98 लाख कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

उधर, दिल्ली में बुधवार को 27,561 नए मामले मिले, जो तीसरी लहर में 24 घंटे के दौरान डेली केसेज में दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। राजधानी में 40 मौत भी दर्ज की गई हैं। बुधवार को 14,957 लोग रिकवर भी हुए। अब यहां पिछले चार दिन के दौरान 97 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को भी यहां 23 मौत हुई थीं, जो तीसरी लहर में एक दिन में सबसे ज्यादा मौत थीं। राजधानी में मंगलवार को 21,259 और सोमवार को 19,166 नए केस मिले थे। हालांकि दिल्ली में अब कुल एक्टिव केस 87,445 हो गए हैं और पॉजिटिविटी रेट 26% पर पहुंच गया है।

महाराष्ट्र में बुधवार को 46,723 नए मरीज मिले हैं। इससे पहले मंगलवार को 34,424 केस आए थे। अब राज्य में कुल एक्टिव केस बढ़कर 2.4 लाख पर पहुंच गई है। महाराष्ट्र में नए मामले बढ़ने का कारण मुंबई भी रहा, जहां चार दिन घटने के बाद बुधवार को फिर नए केस बढ़ने शुरू हो गए। यहां बुधवार को 16,420 नए केस मिले, जो मंगलवार को मिले 11,467 कोरोना मरीजों से कहीं ज्यादा हैं। महानगर में 14,649 लोग रिकवर हुए, जबकि 7 लोगों की मौत हो गई।

पश्चिम बंगाल में भी बुधवार को नए मामलों में मंगलवार के मुकाबले 1,057 केस की बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को यहां 22,155 नए केस दर्ज किए गए।