कोरोना से जंग / स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा - 28 दिन से 16 जिलों में नहीं मिला कोई नया केस

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि कोरोना के 20835 सक्रिय मामले हैं। अब तक 6184 लोग सही हो चुके हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 22.17% हो चुका है। यह लगातार बढ़ रहा है। 85 जिलों में पिछले 14 दिनों से कोई केस नहीं आया है। इसके अलावा पिछले दिनों जिन 28 जिलों में कोई केस नहीं आए थे, उनमें दो जिलों में हाल ही में एक-एक केस आए।

लव अग्रवाल ने कहा-

- देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 27892 हैं।
- देश में 24 घंटों में कोरोना के 1396 नए मामले।
- देश में कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट 22.17% हुआ।
- 85 ज़िलों में बीते 14 दिनों से एक भी नया मामला सामने नहीं आया।
- 16 ज़िलों में 28 दिनों से कोई नया मामला नहीं। देश में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।
- रेड ज़ोन से ऑरेंज ज़ोन और उससे ग्रीन ज़ोन में आना ही मुख्य प्रयास है।
- यह लड़ाई, मरीज़ों, डॉक्टरों या सरकार की नहीं है, यह लड़ाई पूरे समाज की है।
- कोरोना वॉरियर्स के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करना है। उनका सम्मान और आभार प्रकट करना चाहिए।

- कोरोना मददगारों को निशाना न बनाया जाए।
- ठीक हुए मरीज़ संक्रमण नहीं फैलाते। वो प्लाज़्मा देकर दूसरे संक्रमित मरीज़ों के ठीक होने में मदद कर सकते हैं।
- बीमार व्यक्ति के साथ खड़े होने की ज़रूरत। हमारी लड़ाई बीमार से नहीं, बीमारी से है।
- जरूरी सामानों की सप्लाई चेन में बढ़ोतरी हुई है। 30 मार्च तक देश में जरूरी सामान की सप्लाई के लिए ट्रक, फूड और फार्मा की मूविंग 46% था, जो 25 अप्रैल तक बढ़कर 76% हो गई।
- मजदूरों तक खाना पहुंचाने का काम तेज हो रहा है। ढाबे खुल गए हैं। फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स और पैकेजिंग यूनिट्स भी शुरू हो चुकी हैं। रोज डेढ़ करोड़ लोगों को खाना सर्व किया जा रहा है।
- देश की 80% मंडियों का संचालन शुरू किया जाएगा। जबकि 60% फूड प्रोसेसिंग शुरू हो गई हैं। किसानों के लिए खरीद फरोख्त को आसान बनाया गया है।