ब्रिटेन में कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के बाद प्रदेश सरकार के लिए भारी संख्या में राज्य में घूम रहे ब्रिटिश पर्यटक एक चुनौती बन गए है। 28 जिलों में पिछले 1 सप्ताह में घुसे इन 821 पर्यटकों को अब सभी जिला सीएमएचओ के लिए ट्रेस कर उन्हें क्वारेंटाइन करना चुनौती बन चुका है। 820 ब्रिटिश पर्यटक अब तक ट्रेस किए जा चुके हैं।
सरकार इन सभी का दुबारा कोरोना जांच करवाने के बाद ही आने जाने की अनुमति देने का प्लान बना चुकी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी सीएमएचओ को निर्देश दिए हैं कि रेपिड रिस्पोंस टीमें बनाकर ब्रिटिश पर्यटकों का होटल-घरों तक पहुंच कर सर्वे करवाया जाए। सभी को क्वारेंटाइन किया जाए। फ्लू या कोई लक्षण दिखते ही उनका सैंपल लिया जाए। 7 दिन तक वे कहीं घूमने बाहर न निकलें।करीब 40% ब्रिटिश पर्यटक तो जयपुर और जिले के विभिन्न स्थलों पर मिल चुके हैं। 33 जिलों के 29 सीएमएचओ (जयपुर में 2 सीएमएचओ) को अगले सात दिन में इन पर्यटकों की पुरानी हिस्ट्री खंगालने और आशंका होते ही दुबारा जांच करवाने के निर्देश दिए हैं। इनमें से एक या दो पर्यटकों में भी कोरोना का नया स्ट्रेन मिला तो पूरे प्रदेश के लिए खतरा पैदा हो जाएगा।