MP News: ग्वालियर में हर तीसरा व्यक्ति निकल रहा संक्रमित; जबलपुर में घटी रिकवरी रेट

मध्यप्रदेश में बुधवार को 13,107 नए संक्रमितों की पहचान हुई। इनमें 5500 से ज्यादा मरीज तो सिर्फ प्रदेश के 4 बड़े शहरों में हैं। ग्वालियर में हालात बदतर होते जा रहे है। यहां, टेस्ट कराने वाला हर तीसरा व्यक्ति संक्रमित मिल रहा है। यहां 24 घंटे में 1190 नए संक्रमित आए हैं। 37 सौ लोगों के सैंपल की जांच की गई थी। सरकारी बुलेटिन में मौतों की संख्या 7 बताई गई है, लेकिन श्मशान घाटों पर 31 संक्रमितों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया है, जिसमें 23 ग्वालियर के थे। एक्टिव केस बढ़कर 8,155 हो गए हैं।

कलेक्टर ग्वालियर ने कोरोना कर्फ्यू को 30 अप्रैल रात 12 बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। प्रतिबंध में छूट वही है जो अभी मिल रही है। सिर्फ गली मोहल्ले की किराना दुकान जरूर सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक खोलने की नई छूट दी गई है। साथ ही शादियों के लिए 50 सदस्य और SDM को सूचना देने की शर्त लागू है।

जबलपुर में रिकवरी रेट घटा

जबलपुर में 2959 सैंपल की जांच में 803 नए संक्रमित मिले। सरकारी आंकड़ों में 7 लोगों की मौत हुई। हालांकि मुक्तिधामों और कब्रिस्तानों में कुल 64 संक्रमित सहित 74 शवों का अंतिम संस्कार किया गया है। अब कुल एक्टिव केस 6 हजार 497 हो गए हैं। इसमें 3 हजार 699 लोग होम आइसोलेट हैं। वहीं 462 लोग स्वस्थ हुए। रिकवरी रेट घटकर 79.81% हो गई।