इंदौर / शख्स ने किया लॉकडाउन का उल्लंघन, गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस तो लोगों ने किया पथराव, 6 गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 5241 पर पहुंच गई। इंदौर में 2637 और भोपाल में 1081 मरीज हैं। कुल 252 की मौत हो चुकी है। इंदौर में सोमवार को 72 नए पॉजिटिव मिले। 902 सैंपल की जांच में 803 निगेटिव भी आए हैं। 2 मौत भी हुई हैं। वहीं, आज मंगलवार को इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में लोगों द्वारा पुलिस पर पथराव करने का मामला सामने आया है। सीएसपी जूनी इंदौर दिशेष अग्रवाल ने बताया कि घटना प्रकाश का बगीचा इलाके की है। 15 मई को इस क्षेत्र में रहने वाला मोहम्मद यूनुस उर्फ यूनुस कबाड़ी लॉकडाउन तोड़कर कब्रिस्तान में फातिया पढ़ने चला गया था। पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने युनूस के खिलाफ लॉकडाउन उल्लघंन करने का केस दर्ज किया था। इसके बाद से ही वह गायब हो गया। मंगलवार को युनूस के इलाके में होने की सूचना पर थाने के कुछ जवान उसे गिरफ्तार करने पहुंचे तो उसके पक्ष के लोग विरोध करने के लिए सड़कों पर उतर आए।

पुलिस ने लॉकडाउन का हवाला देकर सभी लोगों को घरों में जाने की अपील की तो वे आक्रोशित हो गए। पुलिस पर ज्यादती करने का आरोप लगाते हुए वे पुलिस-प्रशासन हाय हाय के नारे लगा कर हंगामा करने लगे। पुलिस के खिलाफ नारे लगाते हुए सैकड़ों की तादात में ये लोग एकजुट होकर महिला और बच्चों समेत नए ब्रिज तक आ गए और कुछ उत्पाती युवकों ने पुलिस के खिलाफ नारे लगाते हुए पथराव कर दिया। जवानों ने बचाव में पिस्टल निकाली तो पथराव करने वाले युवक और महिलाएं गलियों में दुबक गईं। पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है अन्य की सीसीटीवी फुटेज और लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर तलाश की जा रही है।