कोरोना संकट / देश में स्कूल-कॉलेज खोलने को लेकर गृह मंत्रालय ने कही ये बात

देश में स्कूल और कॉलेज खोलने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार रात को साफ कहा कि अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। साथ ही देशभर में सभी शैक्षणिक संस्थान खोलने पर अभी भी रोक है। दरअसल, मीडिया में ऐसी खबर चली थी कि गृह मंत्रालय ने राज्यों में स्कूल खोलने की अनुमति दे दी है जिसके बाद मंत्रालय के प्रवक्ता की ओर से इसको लेकर जानकारी दी गई।

प्रवक्ता ने ट्वीट किया, 'केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है। देशभर में सभी शैक्षणिक संस्थान खोलने पर अभी भी रोक है'

कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए मार्च मध्य से सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं।

जारी है कोरोना का कोहराम

दुनियाभर में अब तक 56 से ज्यादा लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3 लाख 51 हजार 668 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 24 लाख 26 हजार 560 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं। दुनिया के करीब 74% कोरोना के मामले सिर्फ 12 देशों से आए हैं। इन देशों में कोरोना पीड़ितों की संख्या 42 लाख है। दुनिया के 213 देशों में पिछले 24 घंटे में 91,940 नए कोरोना के मामले सामने आए और मरने वाले लोगों की संख्या में 4,055 का इजाफा हो गया। जबकि इससे एक दिन पहले 3,096 लोगों की मौत हुई थी।

भारत में 4172 लोगों की मौत

भारत में कोरोना संक्रमण के चलते मरने वालों की संख्या 4172 हो गई है। सोमवार को 148 लोगों की जान गई। सबसे ज्यादा 1695 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं। अकेले मुंबई में 1026 कोरोना मरीज दम तोड़ चुके हैं। मुंबई 1000 से ज्यादा मौतों वाला देश का इकलौता शहर बन गया है। वहीं, मध्यप्रदेश में मृतकों का आंकड़ा 300 हो गया है।

पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 60, गुजरात में 30, दिल्ली में 15 और मध्यप्रदेश में 10 लोगों की मौत हुई। वहीं, उत्तर प्रदेश में 8, तमिलनाडु में 7, प. बंगाल में 6, तेलंगाना में 3, राजस्थान, बिहार, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर में 2-2 जबकि उत्तराखंड में एक मरीज ने दम तोड़ा। रविवार को 156 संक्रमितों ने जान गंवाई थी। भारत में 1.47 से ज्यादा संक्रमित मामले सामने आ चुके है।

ICMR का बड़ा फैसला, कोविड-19 जांच के लिए 4,500 रुपए की मूल्य सीमा हटाई

इंडिगो में यात्रा करने वाला यात्री निकला कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप