आर्थिक संकट से जूझ रही Air India ने कर्मचारियों को दिया झटका, जबर्दस्ती अपने स्टॉफ को भेजेगी छुट्टी पर

आर्थिक संकट से जूझ रही एअर इंडिया ने खर्च कम करने के लिए नए-नए तरीके ढूंढ रही हैं। एअर इंडिया ने कर्मचारियों की संख्या कम करने का प्लान बनाया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया ने अपने कुछ कर्मचारियों को जबर्दस्ती LWP पर भेजने का फैसला किया है। यह छुट्टी 6 महीने से लेकर पांच साल तक हो सकती है।

एयरलाइन संकट से उबरने के लिए और लागत घटाने के लिए एक स्कीम लेकर आई है, जिसके तहत एयरलाइन कर्मचारियों को 6 महीने से 2 साल तक LWP पर भेज रही है। यह बढ़कर 5 साल तक के लिए भी हो सकता है। मैनेजमेंट यह अधिकार रखता है कि वह किसी भी कर्मचारी को सही से मूल्यांकन कर एयरलाइन की जरूरत, उसकी सेहत और कॉम्पिटेंस लेवल के आधार पर LWP पर भेज दे। कर्मचारियों को उनकी दक्षता, क्षमता, प्रदर्शन की गुणवत्ता, कर्मचारियों का स्वास्थ्य आदि के आधार पर चयन किया जाएगा कि किन्हें छुट्टी पर भेजा जाए।

एअर इंडिया के इस प्लान को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 102वीं बैठक में मंजूरी दी गई। ऑर्डर के मुताबिक, हेडक्वार्टर और रीजनल हेड को कहा गया है कि वे इस प्लान के मुताबिक कर्मचारियों के नाम मुख्यालय को भेजें।

रिजनल डायरेक्टर्स और डिपार्टमेंटल हेड को 15 अगस्त तक लिस्ट भेजने के लिए कहा गया है। एयर इंडिया में करीब 13 हजार परमानेंट कर्मचारी काम करते हैं। इनकी मंथली सैलरी 230 करोड़ रुपये है।

भारत में ज्यादातर एयरलाइंस कंपनियों ने आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए वेतन कटौती और अन्य दूसरे उपाय अपनाए हैं। गौरलतब है कि लंबे समय तक उड़ानें बंद रहने के बाद 25 मई से घरेलू यात्री उड़ान सेवा शुरू की गई थी। इसके बाद यात्रियों को राहत मिली।