31 मई तक बढ़ाया जा सकता है लॉकडाउन, सैलून-नाई की दुकान और स्पा सेंटर को खोलने की मिल सकती है इजाजत

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 86,678 तक पहुंच गई है। शनिवार को दिल्ली में 438, राजस्थान में 177, आंध्रप्रदेश में 48, पंजाब 14, बिहार में 85, कर्नाटक में 36, उत्तरप्रदेश में 19, झारखंड में 4 और असम में 2 मरीज मिले। कोरोना के संक्रमण को देश में फैलने से रोकने के लिए 25 मार्च से लॉकडाउन लगाया हुआ है। लॉकडाउन 3.0 की मियाद 17 मई को पूरी हो रही है और इसके साथ ही लॉकडाउन 4 की शुरुआत होने वाली है। खबर है कि लॉकडाउन को दो हफ्तें के लिए बढ़ाया जा सकता है। ये 31 मई तक लागू रहेगा। लॉकडाउन में क्या रियायतें मिलेंगी इसकी जानकारी सरकार शनिवार देर शाम या रविवार को जारी कर सकती है।

- लॉकडाउन के चौथे चरण में ऑटो, बस और कैब सर्विस को इजाजत मिल सकती है। हालांकि, कटेनमेंट जोन में इन पर पाबंदी जारी रहेगी।

- ई-कॉमर्स वेबसाइट को गैर जरूरी सामानों की सप्लाई करने की अनुमति मिल सकती है।
- अब तक जहां ऑफिस और फैक्ट्रियों में 33% कर्मचारियों को ही काम करने की इजाजत थी, इसे बढ़ाकर 50% किया जा सकता है। वहीं, रेड जोन को फिर परिभाषित किया जाएगा।

- लॉकडाउन 4.0 में साफ-सफाई, सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क आदि सुरक्षा का ख्याल रखते हुए कई चीजों में ढील मिलेगी। हालांकि कंटेनमेंट जोन के लिए स्थितियां पहले जैसे ही रहेंगी।

- लॉकडाउन के चौथे चरण में स्कूल, कॉलेज, मॉल और मूवी थियेटर किसी भी इलाके में नहीं खुलेंगे।

- सैलून, नाई की दुकान और स्पा सेंटर को रेड जोन में सावधानी के साथ खोला जा सकता है। हालांकि कंटेनमेंट इलाके में यह सब बंद रहेगा। इसके अलावा ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन में भी यह खुला रहेगा।